Anp News Live Janjgir-Champa भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की एक अनुकरणीय पहल करते हुए ग्रामीणों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के बीच कानूनी जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को नए कानूनों, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था।
CSP योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना चांपा क्षेत्र के घोघरानाला तथा DSP सतरूपा तारम के नेतृत्व में ग्राम बिर्रा में आयोजित वार्षिक मेले के दौरान जन-जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, शिक्षक और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
नई न्याय संहिताओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नई न्याय संहिताओं—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)—की जानकारी सरल भाषा में दी। अधिकारियों ने बताया कि इन नए कानूनों के लागू होने से न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और त्वरित हुई है।
ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर की समझाइश
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर जैसी सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अब कई मामलों में ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही किसी भी थाना क्षेत्र की घटना होने पर निकटतम थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। डिजिटल माध्यम से गवाहों के बयान दर्ज किए जाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के लिए विशेष जागरूकता दी गई। लोगों को अनजान कॉल, लिंक और संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी साझा की गई।
नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और महिलाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा और विकास में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
सुरक्षित और जागरूक समाज के लिए सामुदायिक पुलिसिंग जरूरी : CSP योगिताबाली खापर्डे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CSP योगिताबाली खापर्डे ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया था। उसी भावना के साथ पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक कानून की जानकारी रखे और अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति सजग बने।
उन्होंने कहा, "सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ही सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार समाज का निर्माण संभव है।"
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने जांजगीर-चांपा पुलिस की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी और प्रेरणादायी बताया।
