Anp News वैज्ञानिक खेती अपनाकर रमेश सिंह कंवर ने बढ़ाई फसल की गुणवत्ता और कम की लागत

Anp News Live Korba कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में किसानों को नैनो उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम अब खेतों में दिखाई देने लगा है। कोरबा जिले के ग्राम खैरभवना निवासी किसान रमेश सिंह कंवर ने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग से बेहतर उत्पादन और कम लागत का अनुभव साझा किया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। इसी क्रम में किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे आधुनिक उर्वरकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।

ग्राम खैरभवना के किसान रमेश सिंह कंवर अपनी लगभग डेढ़ एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती करते हैं। खरीफ सीजन की तैयारी के दौरान उन्होंने सहकारी समिति कनबेरी से नैनो डीएपी और नैनो यूरिया प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से वे नैनो उर्वरकों का उपयोग कर रहे हैं और इसके परिणाम उत्साहजनक रहे हैं।

किसान रमेश सिंह कंवर के अनुसार नैनो उर्वरकों के उपयोग से फसलों की वृद्धि बेहतर हुई है, पौधों की हरियाली बढ़ी है तथा उत्पादन में भी सुधार देखने को मिला है। साथ ही कम मात्रा में अधिक प्रभाव मिलने से खेती की लागत में कमी आई है और आर्थिक लाभ बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरकों से पौधों को आवश्यक पोषक तत्व अधिक प्रभावी ढंग से मिलते हैं, जिससे फसल का समुचित विकास होता है। इससे उर्वरकों की बर्बादी कम होती है, मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहती है और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है।

रमेश सिंह कंवर ने अन्य किसानों से भी आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि नैनो उर्वरकों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने में मदद मिलती है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि संभव है।

Related Post