Anp News कोरबा पुलिस की बड़ी सफलता: 150 गुम मोबाइल लौटाकर लौटाई मुस्कान

Anp News Live Korba आम नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर पुलिस थाना कोरबा ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से 150 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी तथा साइबर थाना प्रभारी ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने उल्लेखनीय कार्य किया।

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 26 लाख 62 हजार 410 रुपये है। इनमें Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसी कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं, जो विभिन्न स्थानों पर गुम हो गए थे।

साइबर पुलिस थाना एवं जिले के विभिन्न थाना-चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से इन मोबाइलों को अलग-अलग जिलों और राज्यों से ट्रेस कर बरामद किया गया। इस अभियान में उप निरीक्षक अजय सोनवानी और साइबर टीम की विशेष भूमिका रही।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई नागरिकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन कोरबा पुलिस की तत्परता और तकनीकी प्रयासों से उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

पुलिस विभाग ने बताया कि पिछले पांच महीनों में 300 से अधिक गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। यह अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास किए जाते रहेंगे।

मोबाइल गुम होने पर क्या करें?

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी थाना एवं साइबर सेल को सूचना दें, ताकि तकनीकी सहायता से शीघ्र कार्रवाई की जा सके।

साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने और cybercrime.gov.in⁠� पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

Related Post