Anp news live Korba सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद पंचायत कोरबा की ग्राम पंचायत चिर्रा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और समाधान का केंद्र बन गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें से 137 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।
जनपद कोरबा क्षेत्र में आयोजित शिविरों की श्रृंखला के अंतिम पड़ाव के रूप में आयोजित इस शिविर में कुल 481 आवेदन प्राप्त हुए। शेष आवेदनों के परीक्षण के बाद शीघ्र निराकरण का आश्वासन प्रशासन द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष बिजमोती राठिया, विधायक प्रतिनिधि मानसिंह राठिया सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही करना है, ताकि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) खगेश निर्मलकर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सुशासन तिहार की अवधारणा "संवाद से समाधान" की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र में 7 हजार से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत नए आवेदनों की जियो-टैगिंग प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है।
सीईओ ने बताया कि आवास योजना की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। साथ ही वर्ष 2025-26 में स्वीकृत आवासों को तीन माह के भीतर पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को मनरेगा मजदूरी का लाभ भी समय पर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने पात्र लोगों से विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने का आग्रह किया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें लाभान्वित किया गया। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, पेंशन स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास की चाबियां, प्रशस्ति पत्र, लखपति दीदी सम्मान पत्र तथा सिंचाई हेतु मोटर पंप वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों को महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने पौधरोपण भी किया। चिर्रा में आयोजित यह शिविर शासन और जनता के बीच संवाद तथा त्वरित समाधान की दिशा में एक सफल पहल साबित हुआ।
