कोंडागांव, 13 जून 2025 — भारत सरकार की "विकसित भारत संकल्प यात्रा" के अंतर्गत आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान का समापन 12 जून को हुआ। 29 मई से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले में तीन मार्गों से प्रचार रथ के माध्यम से 80 ग्रामों में किसानों से सीधे संवाद कर खरीफ फसल हेतु उन्नत कृषि तकनीकों और शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अभियान में कृषि विज्ञान केंद्र कोंडागांव के साथ कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की टीमों ने मिलकर किसानों को जैविक खेती, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन व स्मार्ट खेती, यंत्रीकरण एवं आधुनिक सिंचाई प्रणाली पर प्रशिक्षण दिया। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम फसल बीमा योजना, आत्मनिर्भर कृषि अभियान जैसी योजनाओं की जानकारी भी सरल भाषा में प्रदान की गई।
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश ने जलवायु परिवर्तन की दृष्टि से टिकाऊ कृषि, जैविक स्ट्रेस प्रबंधन और मछली पालन के विषयों पर प्रकाश डाला। डॉ. सुरेश कुमार मरकाम ने फसल विविधीकरण और जल प्रबंधन पर, डॉ. हितेश मिश्रा ने समेकित खेती और पशुधन स्वास्थ्य पर, जबकि कीट विशेषज्ञ दिनेश सिन्हा ने रोग प्रबंधन व कीट नियंत्रण की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी बुलेटिन, पंपलेट, उन्नत बीज और अन्य प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। यह अभियान ग्रामीण अंचलों में तकनीकी जागरूकता बढ़ाने, किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और आयवृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
इस कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन और मत्स्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
