कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग NH-149B के अंतर्गत ग्राम पंचायत पटाढ़ी के ओवरब्रिज पर एक गंभीर और जानलेवा खतरा बना हुआ है। सड़क दुर्घटना में उखड़ा हुआ स्ट्रीट लाइट का खंभा पुल की रेलिंग में फंसा हुआ है, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को न्योता दे सकता है।
खतरनाक स्थिति यह है कि खंभा न तो पूरी तरह हटाया गया है और न ही उसे सुरक्षित तरीके से बांधा गया है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच यह उखड़ा हुआ खंभा लगातार हादसे की आशंका बढ़ा रहा है। विशेष रूप से रात के समय अंधेरे में यह खंभा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए यह गंभीर खतरा बन गया है।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिनमें भारी वाहन भी शामिल हैं। इसके बावजूद अब तक न तो राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, न बिजली विभाग और न ही स्थानीय प्रशासन ने इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठाया है। इससे लोगों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि इस लापरवाही के कारण कोई बड़ा हादसा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या किसी अनहोनी के बाद ही संबंधित विभाग जागेंगे?
ग्रामीणों और नियमित यात्रियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उखड़े हुए स्ट्रीट लाइट खंभे को शीघ्र हटाकर या सुरक्षित ढंग से दुरुस्त किया जाए, ताकि इस व्यस्त मार्ग पर यातायात सुचारु और सुरक्षित रह सके।
यह मामला केवल एक खंभे का नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारी से जुड़ा है। समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह लापरवाही किसी निर्दोष की जान पर भारी पड़ सकती है।
