विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत आज से घर-घर पहुंचे बीएलओ,मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया हुई प्रारंभ
प्रतापगढ़, 4 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के शुद्धिकरण हेतु विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 शुरू हो गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक बीएलओ द्वारा 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को परिगणना प्रपत्र वितरित शुरू।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अंजलि राजोरिया ने विधानसभा क्षेत्र धरियावद एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजयेश कुमार पंड्या ने विधानसभा क्षेत्र प्रतापगढ़ में विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर एसआईआर गतिविधियों का निरीक्षण किया और बीएलओ के कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ को यह निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक परिगणना पत्र सुनिश्चित रूप से पहुंचे और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी घर पर मतदाता अनुपस्थित पाया जाए, तो संबंधित बीएलओ कम से कम तीन बार भ्रमण कर परिगणना प्रपत्र उपलब्ध करवाएं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
