बड़ेराजपुर/कोंडागांव, 5 अगस्त। कोंडागांव जिले के विकासखंड बड़ेराजपुर के ग्राम पंचायत हरवेल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरवेल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस दौरान प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य शंभू राम सूर्यवंशी ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आग्रह किया। वहीं वरिष्ठ व्याख्याता जयराम मरकाम ने बच्चों को पौधों की देखरेख और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ व्याख्याता रामसाय नाग सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
