प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण आयोजित

कोण्डागांव, 12 जून 2026 | प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष कोण्डागांव में परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं ऑपरेटरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य योजना के अंतर्गत पंजीयन, सत्यापन, भुगतान प्रक्रिया तथा ऑनलाइन पोर्टल संचालन की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाना था।

Uploaded Image

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, किस्त भुगतान प्रक्रिया तथा पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि संबंधी विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सुपरवाइजर एवं ऑपरेटरों की जिम्मेदारियों, रिपोर्टिंग एवं मॉनिटरिंग प्रणाली, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा विभिन्न व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।

Uploaded Image

अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पोर्टल की प्रक्रिया, बायोमेट्रिक सत्यापन, जांच प्रक्रिया और समस्या समाधान की बेहतर समझ विकसित करना है, ताकि पात्र महिलाओं को समय पर योजना का लाभ मिल सके। योजना के माध्यम से गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ ही दूसरी संतान के रूप में बालिका जन्म होने पर अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान कर बालिका जन्म को प्रोत्साहित किया जाता है।

 

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को पोर्टल संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया, जिसमें प्रशिक्षण को उपयोगी एवं योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इससे जिले में योजना के संचालन में गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ेगी तथा अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को लाभ मिल सकेगा।

Related Post