कोंडागांव, 8 अगस्त 2026। 10 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी में विकासखंड कोंडागांव के शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संजय नायडू ने शिक्षकों को बच्चों में होने वाले कृमि संक्रमण के दुष्प्रभाव, कमजोरी और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को उम्र के अनुसार दी जाने वाली कृमिनाशक दवा की निर्धारित खुराक, दवा सेवन की सही प्रक्रिया तथा अभियान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के दौरान वीडियो के माध्यम से कृमि संक्रमण के प्रमुख लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी भी दी गई। साथ ही दवा सेवन के बाद किसी बच्चे में प्रतिकूल परिस्थिति उत्पन्न होने पर अपनाई जाने वाली सावधानियों और प्राथमिक उपचार के संबंध में शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य बच्चों एवं किशोरों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखना तथा उनके स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास में सुधार लाना है। अभियान की सफलता में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है, जिसके चलते उन्हें दवा वितरण, सही खुराक और संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला महामारी विशेषज्ञ झम्मन लाल वर्मा, आरएमए कृष्णा पटेल, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक मयंक देवांगन सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
