राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत कोंडागांव जिला अस्पताल में नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, अधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों ने लिया संकल्प

कोंडागांव, 6 सितंबर। राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला अस्पताल कोंडागांव में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े (25 अगस्त से 8 सितंबर) के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर महोदया के निर्देशानुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आर. के. चतुर्वेदी एवं सिविल सर्जन डॉ. पी. एल. मंडावी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. निशाम्मा ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विश्व के कुल अंधत्व का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा भारत में है, जिसमें से अधिकांश लोग कॉर्निया प्रत्यारोपण के जरिए पुनः देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि मृत्यु के 4 से 6 घंटे के भीतर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की जाती है, जिसमें केवल कॉर्निया (काली पुतली) निकाली जाती है, जिससे चेहरे पर किसी प्रकार की विकृति नहीं आती। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों की जिंदगी में उजाला आ सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित आरएमओ (RMO) डॉ. प्रतीक चौधरी, सहायक नोडल अधिकारी (अंधत्व नियंत्रण) अनिल वैद्य, सहायक नेत्रदान अधिकारी अशोक कश्यप एवं नेत्र सहायक अधिकारी दीपा राजपूत ने लोगों से भ्रांतियां दूर कर स्वेच्छा से नेत्रदान संकल्प पत्र भरने की अपील की।

इस अवसर पर नर्सिंग स्टाफ नंदा शील, अभिलाषा, आरती, पारुल, मनोज सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि नेत्रदान संकल्प पत्र भरने व अधिक जानकारी के लिए नजदीकी प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला चिकित्सालय कोंडागांव में संपर्क करें।

Related Post