पवन पैकरा ने धावकों का बढ़ाया उत्साह, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

पवन पैकरा ने धावकों का बढ़ाया उत्साह, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

राष्ट्रीय खेल दिवस पर गौरेला में मैराथन दौड़ का आयोजन

आशीष श्रीवास/ गौरेला पेंड्रा मरवाही 

गौरेला, 9 सितंबर 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में मैराथन दौड़ का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। मैराथन में जिले के विभिन्न वर्गों के लोगों, छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और धावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़ का शुभारंभ गौरेला थाना परिसर से हुआ, जो जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

Uploaded Image

कार्यक्रम में पवन पैकरा प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मैराथन में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व और युवाओं के जीवन में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। जिले के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

मैराथन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने दौड़ में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय खेल दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। आयोजन के दौरान खेल भावना, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लोगों को जागरूक भी किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों और धावकों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रतिभावान खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेलों को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्याममढ़ी राठौर, भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक बृजलाल सिंह राठौर, भारतीय जनता पार्टी जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के उपाध्यक्ष डॉ. नीरज जैन सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार साथी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस मैराथन ने जिले में खेल और फिटनेस के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने का संदेश दिया। आयोजन में विभिन्न वर्गों की भागीदारी ने यह भी दर्शाया कि जिले के लोगों में खेलों और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लगातार जागरूकता बढ़ रही है।

Related Post