कोंडागांव, 20 सितंबर 2026। जिले में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती एवं सुनिश्चित इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ितों के अस्पताल में भर्ती और सुनिश्चित इलाज की योजना PMRAHAT का क्रियान्वयन मार्च 2026 से किया जा रहा है। कोंडागांव जिले में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार DIO हेमंत भगत, उप पुलिस अधीक्षक स्निग्धा सलामे, जिला परिवहन अधिकारी राजकुमार ध्रुव, CMHO डॉ आरके चतुर्वेदी के मार्गदर्शन एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक मुकेश जोशी व जिला रोल आउट मैनेजर श्रीमती त्रिदर्शी मड़ामें के नेतृत्व में योजना का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है।
जिले में PMRAHAT योजना के तहत अब तक 70 सड़क दुर्घटना पीड़ितों को उपचार का लाभ मिल चुका है। इन मरीजों के उपचार के लिए जिला स्तर पर अब तक लाखों रुपए की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
इसी क्रम में रविवार को सिटी कोतवाली पुलिस ने कनेरा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल बाजारपारा निवासी प्रदीप यादव को PMRAHAT योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही स्थानीय लोगों से हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद घायल प्रदीप यादव को तत्काल जिला अस्पताल कोंडागांव पहुंचाया गया था। गंभीर चोटों के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए पहले जगदलपुर और बाद में रायपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
PMRAHAT योजना के तहत सड़क हादसे में घायल प्रत्येक पात्र पीड़ित को ₹1.5 लाख रुपए तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि आर्थिक कारणों से इलाज में किसी तरह की बाधा न आए।
