रूपाघाटी गांव में मचा हड़कंप — 10 फीट का अजगर पकड़ा, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
अरनोद।
उपखंड क्षेत्र की लालगढ़ ग्राम पंचायत के रूपाघाटी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने खेतों के पास 10 फीट लंबा अजगर देखा। अचानक इतने बड़े सांप के दिखाई देने से गांव में भय और दहशत का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे।
ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही फॉरेस्टर मनोहर लाल, राजेंद्र सेन, अंकुश डांगी, सर्प मित्र सूरज कुमावत तथा दलोदा के सर्प मित्र दीपक भगत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थिति का जायजा लेकर सावधानी और सतर्कता के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
लगभग एक घंटे की मेहनत और रणनीति के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग की निगरानी में उस अजगर को पास के जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयासों की ग्रामीणों ने खुलकर सराहना की।
