भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम

ANP NEWS महराजगंज में भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम, आंधी-तूफान और बारिश से जनजीवन प्रभावित

महराजगंज। जनपद में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली। बुधवार शाम को तेज आंधी-तूफान के साथ हुई भारी बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाजारों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

इसी बीच, पड़ोसी देश नेपाल में भी मौसम का असर देखने को मिला। वहां तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की खबरें सामने आई हैं, जिससे साग सब्जी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

शादी-विवाह के इस सीजन में अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई स्थानों पर टेंट हाउस और सजावट की व्यवस्थाएं तेज आंधी के कारण क्षतिग्रस्त हो गईं। कार्यक्रमों में अव्यवस्था फैल गई और आयोजकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

हालांकि मौसम सुहाना होने से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस जरूर ली, लेकिन प्रशासन के सामने अब व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Post