गेमिंग के जाल में फंसा छात्र, पुलिस की सूझबूझ से नागपुर से सकुशल बरामद

Anp News Live, Bilaspur थाना कोटा क्षेत्र अंतर्गत डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय के बॉयज़ हॉस्टल से लापता हुए छात्र को कोटा पुलिस ने त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई करते हुए नागपुर से सकुशल बरामद कर लिया। यह मामला गुम इंसान क्रमांक 29/2026 के तहत दर्ज किया गया था, जिसमें छात्र के अचानक गायब होने से परिजनों और पुलिस प्रशासन में चिंता का माहौल था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार (20 वर्ष), निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, जिला गया (बिहार), जो कि कोटा स्थित डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय में बी.फार्मेसी चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था, दिनांक 6 मार्च 2026 को छात्रावास से अचानक लापता हो गया था। इस संबंध में 7 मार्च 2026 को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने छात्र के सहपाठियों से पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक लेन-देन की जांच, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण तथा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।

लगातार प्रयासों के बावजूद प्रारंभिक दिनों में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 25 अप्रैल 2026 को छात्र के नागपुर में होने की जानकारी प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल नागपुर रवाना किया गया, जहां 26 अप्रैल 2026 को छात्र को सुरक्षित बरामद कर थाना लाया गया।

पूछताछ के दौरान छात्र ने बताया कि वह ऑनलाइन गेमिंग की लत में पड़ गया था और इस दौरान उसने कई लोगों से उधार लेकर पैसे लगाए थे। इस बात को परिवार से छिपाने और डर के कारण उसने हॉस्टल से भागने की योजना बनाई थी।

पुलिस द्वारा विधिवत कार्रवाई के बाद छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक नरेश चौहान, उप निरीक्षक गोपाल खांडेकर, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, अनिल साहू, जलेश्वर साहू एवं साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 कोटा पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता से एक और गुमशुदा छात्र सुरक्षित अपने घर लौटा, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Related Post