कोण्डागांव, 21 जनवरी 2026 | नगर पालिका परिषद कोण्डागांव द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में पेयजल व्यवस्था को लेकर बुधवार की सुबह एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर पालिका कर्मचारियों द्वारा वार्डवासियों से सीधे संवाद कर पेयजल की उपलब्धता और गुणवत्ता संबंधी फीडबैक लिया जा रहा है।
नगर पालिका सीएमओ के निर्देश पर ग्रीष्म ऋतु के पूर्व यह पहल की गई है, ताकि गर्मी के मौसम में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। नगर पालिका की टीम वार्डों में पहुंचकर नागरिकों से यह जानकारी एकत्र कर रही है कि उन्हें नियमित रूप से पानी मिल रहा है या नहीं, पानी की गुणवत्ता कैसी है तथा कहीं किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। आज यह अभियान नहरपारा - सरगीपाल पारा क्षेत्र में चलाया गया है।

नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिससे गर्मी शुरू होने से पहले ही शहरवासियों को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इस पहल से नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में पेयजल व्यवस्था और बेहतर होगी।
