आजादी का अमृत महोत्सव और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान अंतर्गत जनपद पंचायत कोरबा में आज भव्य तिरंगा रैली का आयोजन हुआ।
रैली का शुभारंभ जनपद पंचायत परिसर से हुआ, जो शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए पुनः जनपद कार्यालय में सम्पन्न हुई। इस दौरान हाथों में लहराते तिरंगे, स्वच्छता और नशामुक्त समाज के संदेश से सजे बैनर-पोस्टर और गूंजते देशभक्ति के नारों ने पूरे कोरबा को देश प्रेम की भावना से भर दिया।
रैली में जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी संघ, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशामुक्त जीवन और स्वच्छ भारत का संकल्प लिया।
नेताओं और अधिकारियों ने नागरिकों से 15 अगस्त को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों पर तिरंगा फहराने और स्वच्छता व नशामुक्ति को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
