30 महिला स्व-सहायता समूह सदस्यों को एक माह तक दिया जाएगा प्रशिक्षण
कोण्डागांव, 01 सितम्बर 2026। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देश एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला मिशन प्रबंधन इकाई के सहयोग से यह प्रशिक्षण विकासखंड कोण्डागांव के दहिकोंगा क्लस्टर अंतर्गत गरिमा महिला संगठन, ग्राम पंचायत जोबा स्थित पुलिस कैम्प में प्रारंभ हुआ।

31 अगस्त से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण एक माह तक चलेगा, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र की 30 महिला स्व-सहायता समूह सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिलाओं को सूट, ब्लाउज, साड़ी सेट सहित विभिन्न प्रकार के वस्त्रों की सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को नई आजीविका गतिविधि से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं गांव में ही सिलाई कार्य शुरू कर अपनी आय बढ़ा सकेंगी और परिवार की आर्थिक स्थिति में योगदान दे सकेंगी।
‘बिहान’ के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास एवं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ाने में भी सहायक होंगे।
