30वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल होंगी मुख्य अतिथि

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में आगामी 27 अगस्त को आयोजित होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक समीक्षा बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में की।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल समारोह की अध्यक्षता करेंगी। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को कुलाधिपति पदक प्रदान किए जाएंगे।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किट वितरण
मुख्य कार्यक्रम विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में होगा, जिसमें 5 आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को किट वितरण किया जाएगा। साथ ही राज्यपाल आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों से संवाद भी स्थापित करेंगी।

समीक्षा बैठक और अन्य कार्यक्रम
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा ने जानकारी दी कि समारोह से पूर्व राज्यपाल द्वारा गर्ल्स हॉस्टल का लोकार्पण किया जाएगा। लंच के उपरांत राज्यपाल अधिकारियों संग विभागीय योजनाओं एवं उनकी प्रगति की समीक्षा बैठक भी करेंगी।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने निर्देश दिए कि समारोह से पहले शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त कर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगर निगम को रूट पर विशेष सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। बेसहारा गोवंश के संरक्षण पर भी बल दिया गया।

कार्यक्रम के समापन के बाद राज्यपाल का ललितपुर दौरा
राज्यपाल का झाँसी प्रवास रात्रि विश्राम तक रहेगा। इसके पश्चात वे ललितपुर के लिए रवाना होंगी।

बैठक में उपस्थित अधिकारी
समीक्षा बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट अक्षय दीपक, पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, एसडीएम टहरौली गौरव आर्या, एसीएम अजय कुमार यादव, एसडीएम न्याय श्वेता साहू, डिप्टी सीएमओ डॉ. अंशुमान तिवारी, सहायक आयुक्त खाद्य पवन कुमार समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post