कोंडागांव, 11 अगस्त 2025: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली बिल योजना के तहत नागरिकों को जागरूक करने तथा योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आज विकास नगर कोंडागांव के सामुदायिक भवन में विशेष जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने उपस्थित नागरिकों को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना न केवल बिजली बिलों में राहत देगी, बल्कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में छत्तीसगढ़ इनोवेशन, संतेज सोलर, सुधतीक एनर्जी, आदित्य पावर और जीडीए सोलर पावर जैसे पांच पंजीकृत वेंडरों ने भाग लिया। इनकी सहभागिता से उपभोक्ताओं को तकनीकी जानकारी और सहायता भी मिली। शिविर के दौरान मौके पर ही 153 लोगों ने योजना के लिए पंजीयन कराया, जो नागरिकों के बीच योजना के प्रति जागरूकता और उत्साह को दर्शाता है।
इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वेंडर प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने हेतु प्रेरित करना और केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाना था।
