कोण्डागांव, 09 जनवरी 2026 | नगर पालिका परिषद कोण्डागांव की सामान्य सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को नगर पालिका सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, समस्त पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे सहित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कई बड़े विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में पारित प्रमुख प्रस्ताव इस प्रकार हैं—
मिनी स्टेडियम निर्माण:
शहर में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने हेतु अधोसंरचना मद के अंतर्गत 1 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दी गई।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन:
स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 1 करोड़ 7 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया गया।
तालाब संरक्षण व सौंदर्यीकरण:
राम मंदिर तालाब एवं बांध तालाब के पास सुरक्षा रेलिंग लगाए जाने, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 173 लाख रुपये की पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी नवीन स्वीकृतियां, तथा बांध तालाब की व्यापक सफाई व जीर्णोद्धार के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP):
शहर के घरों से निकलने वाले गंदे पानी के समुचित निस्तारण हेतु 12 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक STP स्थापित करने के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
अन्य अधोसंरचना विकास कार्य:
शहर के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 40 लाख रुपये के अतिरिक्त प्रस्तावों को भी सदन की स्वीकृति मिली।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से कोण्डागांव शहर स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनेगा। नागरिकों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रभावी जल निकासी और स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
बैठक में उपस्थित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने विकास प्रस्तावों का मेज थपथपाकर स्वागत किया और इन्हें कोण्डागांव के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया।
