रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तुमिडीह स्थित डैम किनारे एक अज्ञात युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवती का शव डैम किनारे पड़ा मिला, जिसकी स्थिति को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पूंजीपथरा पुलिस को दी, जिसके बाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा अस्पताल भिजवा दिया है। साथ ही युवती की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है।
सूत्रों के मुताबिक मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। गले और पीठ पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के संकेत मिले हैं। वहीं चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किए जाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे पहचान छिपाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है।
