केशकाल/कोंडागांव, 31 अक्टूबर 2025: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आज पूरे देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इसी अवसर पर केशकाल थाना पुलिस द्वारा शुक्रवार की सुबह एक भव्य एकता दौड़ का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में किया गया। इस दौड़ में बड़ी संख्या में स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस जवान, सामाजिक संगठन के सदस्य, युवाजन और ग्रामवासी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर दौड़ लगाई और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से क्षेत्र का माहौल देशभक्ति से भर दिया।

दौड़ की शुरुआत ग्राम सालेभाट मैदान से की गई जो विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। दौड़ के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से साम्प्रदायिक सौहार्द, आपसी प्रेम और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने की अपील की।
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि “लौह पुरुष सरदार पटेल ने जिस भारत की एकता का सपना देखा था, आज का यह आयोजन उसी भावना को साकार करने का एक प्रयास है। हमें देश की विविधता में एकता को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।”
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नगर पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, समाजसेवी और आम नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई और भारत की अखंडता की रक्षा के संकल्प के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और विविधता में निहित समरसता को जनमानस तक पहुँचाना तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त बनाना रहा।
