अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस पर आईटीबीपी हिमवीरों ने दिया ‘एक धरती - एक स्‍वास्‍थ्‍य’ का संदेश

कोंडागांव, 21 जून 2025: 11वें अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोंडागांव स्थित आईटीबीपी के सामरिक क्षेत्रीय मुख्‍यालय (भुवनेश्‍वर), 29वीं व 41वीं वाहिनी के हिमवीरों ने संयुक्‍त रूप से योगाभ्‍यास कर आमजन को स्‍वस्‍थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

 

इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘Yoga for One Earth - One Health’ रही, जिसमें पर्यावरण और मानव स्‍वास्‍थ्‍य के परस्‍पर संबंध को दर्शाया गया। कार्यक्रम में सेनानी (स्‍टाफ) अनन्‍त नारायण, 41वीं वाहिनी के सेनानी नरेंद्र सिंह एवं अन्‍य अधिकारियों ने जवानों के साथ मिलकर विभिन्‍न योगासनों का अभ्यास किया।

 

इस अवसर पर नारायण दत्‍ता ने कहा, "स्‍वस्‍थ तन में ही स्‍वस्‍थ आत्‍मा का निवास होता है। योग हमारे जीवन का अभिन्‍न अंग होना चाहिए। प्रतिदिन योग कर न केवल स्‍वयं स्‍वस्‍थ रहें, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।"

 

इसी क्रम में एक अनूठा योग सत्र ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थ स्‍थल जगन्‍नाथ पुरी के गोल्‍डन बीच समुद्र तट पर भी आयोजित किया गया, जहां 41वीं वाहिनी के हिमवीरों ने योगाभ्‍यास कर समुद्र तट पर उपस्थित जनसमूह को योग का महत्‍व समझाया।

 

आईटीबीपी द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह स्पष्ट किया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक समृद्धि का मार्ग है – जो ‘एक धरती, एक स्वास्थ्य’ के विचार को साकार करता है।

Related Post