बालोद जिले में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के "हेलमेट पहनें – सुरक्षित रहें" अभियान से प्रेरित होकर दो बहनों ने अपने भाई को राखी के साथ हेलमेट उपहार में दिया।
गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम परसवानी निवासी विनोद यादव की बहनें – ग्राम बटेरा की ममता यादव और ग्राम जगन्नाथपुर की माधुरी यादव – राखी बांधने आईं तो उनके साथ सुरक्षा का संदेश भी लाई। उन्होंने भाई की कलाई पर राखी सजाई और सिर पर हेलमेट रखकर उसकी सुरक्षा की कामना की।
बहनों ने कहा कि आए दिन सड़क हादसों में हेलमेट न पहनने से गंभीर चोटें आती हैं, कई बार जान भी चली जाती है। इसीलिए उन्होंने भाई की लंबी उम्र की कामना को सार्थक बनाने के लिए यह कदम उठाया।
विनोद यादव ने भी स्वीकार किया कि पहले बिना हेलमेट वाहन चलाते थे और एक हादसे में बाल-बाल बचे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि "हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा का कवच है, इसे कभी न भूलें।
जिला प्रशासन ने भी सभी दोपहिया वाहन चालकों और उनके साथ बैठने वालों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की है। साथ ही छोटे बच्चों को सुरक्षित सीट पर बैठाने व वाहनों के इंडिकेटर, ब्रेकलाइट और रिफलेक्टर की समय-समय पर जांच करने की सलाह दी गई है।
