कोंडागांव/केशकाल, 5 अगस्त। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा तथा एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना केशकाल पुलिस ने हायर सेकेंडरी स्कूल सूरडोंगर में जनजागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी। साइबर सुरक्षा के तहत अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाता एवं एटीएम संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने और ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

इसके साथ ही महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, कानूनी प्रावधानों और आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया। पुलिस ने सभी विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज में भी यातायात, साइबर और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
