कोंडागांव, 01 सितम्बर 2026। कोंडागांव की प्रतिभावान छात्रा शगुन उइके नहरेल ने नीट यूजी परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। शगुन का चयन एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए प्रदेश के प्रतिष्ठित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, रायपुर में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित परिचितों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
शगुन ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास को दिया है। उनका लक्ष्य चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना और जरूरतमंद लोगों की मदद करना है।
शगुन के पिता नीरज उइके पत्रकार हैं, जबकि माता कोमल उइके गृहिणी हैं। माता-पिता ने बेटी की सफलता को गर्व का पल बताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शगुन की इस उपलब्धि पर प्रेस क्लब अध्यक्ष कोंडागांव सहित पत्रकार साथियों और नगरवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने कहा कि शगुन की सफलता उनकी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है तथा उनके सफल चिकित्सकीय जीवन की कामना की।
