सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में होने वाले स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों का आज कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जायजा लिया। इस अवसर पर परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें परेड के जवानों और विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आईएएस अभिजीत गुरभेले ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया, परेड की सलामी ली और जवानों का निरीक्षण किया। मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का अभ्यास कर समारोह की सभी व्यवस्थाओं को परखा गया।
कलेक्टर वसंत ने बैठक व्यवस्था, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, बारिश से बचाव की तैयारी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर मनोज कुमार, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित अधिकारी व बड़ी संख्या में स्कूली छात्र उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि मुख्य समारोह 15 अगस्त सुबह 8:50 बजे सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री का संदेश जनता को पढ़कर सुनाएंगे। उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
