जनसुनवाई में प्रभारी मंत्री ने सुनी ग्रामजनों की परिवेदनाएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

जनसुनवाई में प्रभारी मंत्री ने सुनी ग्रामजनों की परिवेदनाएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

आमजन की परिवेदनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वाेच्च प्राथमिकता : मंत्री डॉ. बाघमार

 मौके पर दस घुमंतू, अर्धघुमंतु एवं विमुक्त परिवारों को पट्टे देकर किया लाभान्वित

प्रतापगढ़, 13 जनवरी। माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। जिला प्रभारी मंत्री तथा राज्य मंत्री, सार्वजनिक निर्माण विभाग, महिला अधिकारिता एवं बाल विकास विभाग, बाल अधिकारिता विभाग डॉ. मंजू बाघमार ने पंचायत समिति प्रतापगढ़ की ग्राम पंचायत बमोत्तर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्रामीणजनों की परिवेदनाएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। 

जनसुनवाई में पूर्व विधायक राजसमंद बंशीलाल खटीक, जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, वरदीचंद धाकड़, गोपाल धाभाई, रमेश गोपावत, उप वन संरक्षक सुनील अग्रवाल, एसडीएम अश्विनी मालू, सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा, आयुक्त टीएडी नीता वसीटा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, राजस्व प्रकरणों, स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। 

जिला प्रभारी मंत्री डॉ. बाघमार ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी प्रभारी मंत्री को बजट से पूर्व विभिन्न जिलों की ग्राम पंचायतों में आमजन की परिवेदनाएं एवं समस्याएं सुनने के लिए कहा है। उन्होंने प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण कर ग्रामीणों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। जिन प्रकरणों का समाधान तत्काल संभव नहीं था, उनमें नियमानुसार समय-सीमा निर्धारित करते हुए कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री डॉ. बाघमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी एवं पात्र व्यक्ति को योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने ग्रामजन को आश्वस्त किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवेदनाओं का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। मौके पर मंत्री डॉ बाघमार ने दस घुमंतू, अर्धघुमंतु एवं विमुक्त परिवारों को पट्टे देकर लाभान्वित किया।

 प्रभारी मंत्री ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के फायदों की दी ग्रामीणों को जानकारी

 प्रभारी मंत्री ने इस मौके पर विकसित भारत- जी राम जी योजना की ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना में कई नए फायदे है। उन्होंने कहा कि वी.बी- जी राम जी योजना के तहत 100 दिवस के स्थान पर 125 दिवस का रोजगार वर्ष में करने का प्रावधान किया गया है। वहीं भुगतान व्यवस्था को भी ओर अधिक पारदर्शी बनाते हुए सात दिवस में भुगतान की व्यवस्था की गई है। वहीं रोजगार के अवसर ओर सशक्त बनाये गये है। उन्होंने कहा कि योजनांतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर प्लानिंग पूर्ण पारदर्शिता से की जाएगी।

Related Post