आईजी शरत कविराज ने किया अरनोद थाने का निरीक्षण
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत, कानून-व्यवस्था में अरनोद थाना रहा नंबर 1
एसओजी एवं एटीएस राजस्थान के महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज, आईपीएस मंगलवार को अरनोद थाने के निरीक्षण पर पहुंचे। अरनोद क्षेत्र में प्रवेश करते ही उन्होंने देवल्दी और नौगांवा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया।
थाने पहुंचने पर पुलिस जवानों द्वारा आईजी शरत कविराज को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने क्रमवार स्वागत कक्ष, मालखाना, सीसीटीएन कक्ष, पुरुष एवं महिला हवालात, समन–वारंट कक्ष, एचएम क्राइम कक्ष, और अनुसंधान कक्ष का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाने की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और अधिकारियों से कई महत्वपूर्ण सवाल-जवाब किए। उन्होंने कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशा तस्करी जैसे संवेदनशील विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी शरत कविराज ने निरीक्षण के आधार पर अरनोद थाने को नम्बर 1 का दर्जा प्रदान करते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की और टीम की प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी बी. आदित्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
