कोंडागांव, 24 सितंबर 2025: अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के तत्वावधान में मणिपुर में उग्रवादियों के हमले में शहीद हुए बस्तर के सपूत राइफलमैन रंजीत सिंह कश्यप को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 33 असम राइफल में पिछले 12 वर्षों से सेवा दे रहे रंजीत सिंह 19 सितंबर 2025 को देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे गए।
शहीद का पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम बालेंगा लाया गया, जहाँ उन्हें अंतिम विदाई देने हजारों की संख्या में लोग उपस्थित हुए। “शहीद रंजीत अमर रहें” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा और वातावरण गमगीन हो गया।

परिषद के सदस्यों सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया। उन्हें तिरंगा झंडा ओढ़ाकर अंतिम सलामी दी गई और तिरंगा उनके परिवार को शहीद के अंतिम अधिकार स्वरूप सौंपा गया। बस्तर पुलिस द्वारा शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर जे पी पात्रो सहित कार्यालय का पूरा स्टाफ, जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के अधिकारी तथा अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
उपस्थित प्रमुख जनों में शामिल रहे:
सुब्रत साहा – बस्तर संभाग प्रभारी एवं संरक्षक
सोमेश्वर भारती – कोषाध्यक्ष
रिकेश कुमार कुंवर – फरसगांव ब्लॉक सचिव
सोमलाल पोयाम, रुपधर नेताम, रति राम शोरी, जगेश्वर श्रीवास, बाबूलाल देवांगन, मुकेश कोर्राम, श्रीकांत तिवारी आदि।

शहीद रंजीत अपने पीछे माता-पिता, बहन, पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, लेकिन साथ ही उनके अदम्य साहस और देशभक्ति पर गर्व भी।
