कोण्डागांव, 27 मई 2026। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के आधे शहर में मंगलवार रात अचानक बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिजली बंद होने से शहरवासी देर रात तक परेशान रहे।
जानकारी के अनुसार, मेन लाइन के 11 केवी जम्फर में खराबी आने के कारण शहर के जय स्तंभ चौक से लेकर चिखलपुटी, जिला अस्पताल, पुलिस लाइन तथा नहरपारा से प्रेमनगर डीएनके तक कई इलाकों की विद्युत सेवा प्रभावित हो गई। रात 10:12 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जिसे विभाग ने मरम्मत कार्य के बाद रात 11:25 बजे पुनः बहाल कर दिया। इस दौरान करीब 1 घंटा 13 मिनट तक शहर के कई हिस्से अंधेरे में डूबे रहे।

बिजली गुल होने की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी देर रात विद्युत विभाग के कंट्रोल रूम पहुंचीं और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेकर व्यवस्था का निरीक्षण किया।

विधायक लता उसेंडी ने बताया कि 11 केवी लाइन के जम्फर में खराबी के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने त्वरित मरम्मत कर बहाल कर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में बढ़ती बिजली खपत को देखते हुए नए सब-स्टेशन स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में विद्युत व्यवस्था और मजबूत होगी।
