शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला गेवरा में अंगना म शिक्षा कार्यक्रम का भव्य आयोजन, माताओं की सहभागिता ने बढ़ाई रौनक

 शासकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला गेवरा में संकुल स्तरीय "अंगना म शिक्षा" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माताओं के उन्मुखीकरण के साथ-साथ सावन उत्सव का भी रंगारंग आयोजन हुआ।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सीखने का स्तर और शिक्षा की गुणवत्ता को शाला प्रवेश से पूर्व ही घर पर विकसित करने के तरीकों पर माताओं को जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की शैलचित्र पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद उपस्थित माताओं का तिलक कर एवं परिचय देकर स्वागत किया गया। माहौल को जीवंत बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कुर्सी दौड़, रैंप वॉक, सामूहिक नृत्य और अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सभी माताओं ने हरी साड़ी पहनकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिताओं में श्रीमती लक्ष्मी नामदेव ने प्रथम और श्रीमती दुर्गेश्वरी कश्यप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं "स्मार्ट माता" का खिताब श्रीमती लक्ष्मी नामदेव और "सावन क्वीन" की उपाधि श्रीमती मंजू कुजूर को प्रदान की गई। अंत में श्रीमती मंजू कुजूर ने सभी माताओं का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन में संकुल की सैकड़ों महिलाओं ने सहभागिता की और कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इसे सफल बनाने में संकुल नोडल प्राचार्य गोपाल सिंह कंवर सहित शिक्षिकाओं और समन्वयकों का विशेष योगदान रहा।

Related Post