रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। सड़क, बिजली और पानी जैसे मुद्दों के बाद अब क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक फूल सिंह राठिया ने ग्राम पंचायत बरपाली और बासीन में स्कूल अहाता निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
ग्राम पंचायत बरपाली के आश्रित ग्राम कलमीटिकरा स्थित प्राथमिक शाला तथा ग्राम पंचायत बासीन की माध्यमिक शाला में अहाता निर्माण कार्य का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्कूल से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक फूल सिंह राठिया ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत नींव होती है और स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अहाता निर्माण से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और स्कूल परिसर अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में संचालित हो सकेगा।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाने का भरोसा भी दिलाया।
स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से स्कूलों में अहाता निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। लोगों का मानना है कि लगातार हो रहे विकास कार्यों से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव साफ दिखाई देने लगा है।
रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक फूल सिंह राठिया की सक्रियता के चलते अब विकास कार्य गांवों और स्कूलों तक तेजी से पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल है।
