कोंडागांव, 03 सितम्बर 2025: सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में किया गया। कलेक्टर एवं प्राधिकरण अध्यक्ष श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं को नियमों का पालन करने की अपील की। कार्यक्रम की गरिमा जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, यातायात प्रभारी मुकेश जोशी, डिप्टी कलेक्टर किशोर शर्मा, लोकपाल लखेस्वर यादव, प्राचार्य श्रीमती रीबा जॉन सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाई।

प्रतियोगिता में विकासखंड माकड़ी की सेजेस टीम ने प्रथम स्थान, फरसगांव के आदर्श विद्यालय ने द्वितीय स्थान तथा माकड़ी के हीरापुर स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को क्रमशः ₹7000, ₹5000 एवं ₹3000 के नगद पुरस्कार प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त पाँच विकासखंडों की टीमों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।

जिला परियोजना अधिकारी वेणुगोपाल राव ने जानकारी दी कि चयनित तीनों टीमें अब 6 सितम्बर को आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिला कोंडागांव का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षा एवं यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
