ग्राम संडैल में हाई स्कूल के उन्नयन की मांग, शिक्षा मंत्री को सौंपा आवेदन

कोरबा। कोरबा जिले के जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत संडैल में लंबे समय से विद्यार्थियों और अभिभावकों की यह मांग रही है कि गांव के शासकीय हाई स्कूल को हायर सेकेण्डरी स्कूल में उन्नत किया जाए। इसी कड़ी में रविवार को ग्राम पंचायत संडैल के उपसरपंच रामकुमार यादव एवं पंच मोहन यादव ने रिसाली भिलाई दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के शिक्षा एवं विधि-विधायी मंत्री श्री गजेंद्र यादव का स्वागत किया तथा उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

 

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि संडैल क्षेत्र एक बड़ा ग्राम है, जो लगभग 10 किलोमीटर की परिधि में केंद्र बिंदु की भूमिका निभाता है। यहां वर्षों से हाई स्कूल संचालित हो रहा है, जिसमें वर्तमान में लगभग 120 छात्र-छात्राएँ अध्ययनरत हैं। हाई स्कूल स्तर तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बच्चों को आगे की शिक्षा के लिए दूरस्थ विद्यालयों में जाना पड़ता है। दूरी एवं परिवहन की समस्या के कारण कई छात्र-छात्राएँ, विशेषकर बालिकाएँ, आगे की पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं।

 

ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने मंत्री महोदय से आग्रह किया है कि संडैल के हाई स्कूल को हायर सेकेण्डरी (10+2) विद्यालय में उन्नत करने की स्वीकृति शीघ्र दी जाए, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की सुविधा गांव में ही मिल सके।

 

इस अवसर पर सरपंच उषा बाई- धनंजय बिंझवार, उपसरपंच- रामकुमार यादव एवं जनपद सदस्य चंदा कश्यप (क्षेत्र क्रमांक 17) ने भी आवेदन का समर्थन करते हुए कहा कि यह कदम न केवल संडैल बल्कि आसपास के गांवों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा का नया मार्ग प्रशस्त करेगा।

 

ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र ही संडैल हाई स्कूल को हायर सेकेण्डरी का दर्जा प्रदान किया जाएगा।

Related Post