नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

रायगढ़-नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के आह्वान पर रायगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान शहर का माहौल राजनीतिक रूप से गर्म नजर आया।

कांग्रेस कार्यालय से रैली के रूप में निकले कार्यकर्ता

कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से रैली की शक्ल में निकलते हुए “सत्यमेव जयते” के नारे लगाते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे, जो केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

भाजपा कार्यालय के पहले पुलिस ने लगाया बैरिकेड

संभावित स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भाजपा कार्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें बैरिकेड पर ही रोक लिया और आगे बढ़ने से मना कर दिया।

पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी

आगे बढ़ने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर के लिए झूमाझटकी की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोके रखा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड के पास ही बैठकर नारेबाजी की।

भाजपा पर राजनीतिक द्वेष का आरोप

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नागेंद्र नेगी और शाखा यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक द्वेष के चलते केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेतृत्व को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।

लोकतंत्र पर हमला बताया कार्रवाई

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कार्रवाई लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई बंद नहीं की गई, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

Related Post