कोंडागांव, 05 जुलाई 2025: कोंडागांव जिले ने पशु चिकित्सा क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले की कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना के पालतू श्वान में "कर्ण-रक्तस्राव" (Aural Hematoma) जैसी जटिल समस्या का सफल ऑपरेशन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। यह सर्जरी कोंडागांव स्थित उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं परिसर में की गई।
इस जटिल सर्जरी का नेतृत्व उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवा डॉ. एम.बी. सिंह ने किया। सर्जिकल टीम में डॉ. ढालेश्वरी, डॉ. दीपिका सिदार एवं डॉ. आरती मार्सकोले ने कुशलतापूर्वक सहयोग किया। शल्य क्रिया के दौरान पशु परिचारिका श्रीमती पल्लवी पटेल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के समन्वित प्रयासों से यह सर्जरी पूर्णतः सफल रही।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र नाग ने सर्जरी के बाद जानकारी साझा करते हुए बताया कि "कर्ण-रक्तस्राव" की स्थिति श्वानों में अक्सर सिर झटकने या अत्यधिक खुजली के कारण होती है, जिससे कान में रक्त एकत्रित होकर सूजन उत्पन्न करता है। यदि समय पर उपचार न किया जाए, तो यह स्थायी विकृति और दीर्घकालिक पीड़ा का कारण बन सकता है।
यह सफलता न केवल कोंडागांव जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह पशु चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों की प्रतिबद्धता और दक्षता का भी परिचायक है।
