कलेक्टर ने जल जीवन मिशन की समीक्षा तेज की, हर घर जल प्रमाणिकरण पर विशेष जोर

कलेक्टर अजीत वसंत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित कर जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे जलापूर्ति कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता, समयबद्धता और ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पूरे किए जाएं।

 

बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न स्वीकृत योजनाओं में स्त्रोत निर्माण कार्य की समीक्षा कर शेष स्थानों पर निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने “हर घर जल प्रमाणिकरण” की प्रगति पर संतोष न जताते हुए इस दिशा में तेजी लाने और रिपोर्टिंग व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने एकल ग्राम योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पानी टंकियों को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही मल्टी विलेज योजना, एतमानगर की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर इसके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।

 

बैठक में क्रेडा विभाग द्वारा सोलर पंप आधारित मिनी जल प्रदाय योजनाओं पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने सोलर ड्यूल पंप स्थापना, पानी टंकी निर्माण और स्त्रोत निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का मुख्य लक्ष्य है—हर घर को सुरक्षित, स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध कराना, इसलिए अधिकारी सतत निगरानी रखकर कार्य गति में और सुधार लाएं।

 

बैठक में कार्यपालन अभियंता रमन उरांव, सहायक अभियंता क्रेडा दीपक साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post