मध्यप्रदेश के डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित धार दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 19 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम सिरसोदिया में ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।
प्रभारी कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था के सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए। कार्यक्रम स्थल, मंच, पांडाल और पार्किंग क्षेत्रों में उचित बेरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए हैं। साथ ही हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक के रूट का निरीक्षण कर निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने और 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर बैकअप रखने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रत्येक वेदी, हवन कुंड और पांडाल की सजावट मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए हैं। विवाह जोड़ों के लिए आवश्यक सामग्री, पूजन व्यवस्था और ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था समय पर पूरी करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पेयजल, अस्थायी शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।
