छत्तीसगढ़ स्थापना को 25 वर्ष पूर्ण: स्वास्थ्य विभाग मना रहा रजत जयंती वर्ष, 10 से 17 अक्टूबर तक जिले में विविध स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन

कोंडागांव, 9 अक्टूबर 2025: छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना को 25 वर्ष पूर्ण होने पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में रजत जयंती वर्ष के रूप में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में 10 से 17 अक्टूबर तक विविध स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

 

ज्ञात हो कि 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन मध्यप्रदेश से अलग होकर हुआ था, और अब यह राज्य अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

 

रजत जयंती सप्ताह के अंतर्गत जिले में टीवी लक्षणों की पहचान एवं सैंपल कलेक्शन, एचआईवी जांच जागरूकता, हेपेटाइटिस टीकाकरण, मानसिक स्वास्थ्य दिवस, मोतियाबिंद और दृष्टिदोष की जांच, अंगदान के महत्व पर कार्यशाला, रक्तदान शिविर, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं नशा मुक्ति अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों का आयोजन पंचायत, जनपद तथा जिला स्तर पर किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँच सकें।

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें, स्वास्थ्य जांच करवाएं, रक्तदान एवं अंगदान जैसे जीवनदायी कार्यों में सहभागी बनें और छत्तीसगढ़ की रजत जयंती को सफल बनाने में योगदान दें।

Related Post