14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल में होगा रक्तदान शिविर

कोण्डागांव, 7 जून 2025: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान के लिए जिला अस्पताल में तैयारी पूर्ण कर ली गई है। ज्ञात हो कि लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता लाने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन एवं रेडक्रास सोसायटी द्वारा वर्ष 2005 से प्रति वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस आयोजित किया जाता है। यह भी उल्लेखनीय है कि 18 वर्ष से अधिक आयु एवं 45-50 किलो ग्राम से अधिक वजन वाले व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं। स्वास्थ्य जांच के उपरांत किसी भी प्रकार का रोग नहीं पाए जाने पर ही रक्तदान किया जा सकता है। रक्तदान से 24 घण्टे पूर्व से ही शराब, धूम्रपान एवं तम्बाकू के सेवन नहीं करना चाहिए। रक्तदान से हार्ट अटैक, खून का थक्का जमने, लिवर संबंधित समस्याओं आदि से राहत मिलती है साथ ही रक्तदान से वजन कम करने, नये ब्लड सेल्स के निर्माण आदि में सहायता मिलती है। चिकित्सा अधिकारियों ने अपील की है कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान शिविर में आकर रक्तदान करें, ताकि आपात स्थितियों में किसी जरूरतमंद इंसान को रक्त देकर सहायता की जा सके।

Related Post