कोंडागांव में स्वतंत्रता दिवस पर भारत माता की प्रतिमा की अनदेखी, ईको वाहन यूनियन ने किया सम्मान

कोंडागांव, 15 अगस्त 2025 — देशभर में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में इस राष्ट्रीय पर्व पर एक प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है, जिसने स्थानीय नागरिकों को आक्रोशित कर दिया है।

 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां सभी विभागीय कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं चौपाटी मैदान के समीप स्थापित भारत माता की प्रतिमा को नगर पालिका प्रशासन द्वारा पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिमा की न तो सफाई की गई और न ही कोई सजावट या माल्यार्पण किया गया, जो इस पावन अवसर पर अपेक्षित होता है।

 

इस अनदेखी को देख स्थानीय ईको वाहन यूनियन के सदस्यों ने पहल करते हुए भारत माता की प्रतिमा की सफाई की, चारों ओर तोरण लगाए और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा अर्पित की। यूनियन द्वारा किए गए इस कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

 

सूत्रों के अनुसार, यह कोई पहली बार नहीं है जब प्रशासन द्वारा इस प्रकार की लापरवाही बरती गई हो। इससे पहले भी राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर भारत माता की प्रतिमा की उपेक्षा की घटनाएँ सामने आ चुकी हैं।

 

इस घटना को लेकर नागरिकों में नगर पालिका परिषद के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय प्रतीकों और प्रतिमाओं का सम्मान करना प्रशासन की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसे बार-बार नजरअंदाज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

 

स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचने और भारत माता की प्रतिमा सहित अन्य सार्वजनिक स्मारकों के उचित रखरखाव की मांग की है।

Related Post