भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने कर्मचारी कल्याण और आवासीय सुविधाओं के सुधार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कंपनी द्वारा तैयार की जा रही जी-9 मंजिला आधुनिक आवासीय भवन परियोजना का शिलान्यास छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने किया।
कार्यक्रम का आयोजन बालकोनगर सेक्टर-6 में किया गया, जहां बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार, कोरबा महापौर सुश्री मंजू देवी राजपूत, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कर्मचारियों के लिए सुविधाएँ बढ़ाने को लेकर बालको प्रतिबद्ध : मंत्री देवांगन
उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि
“उद्योग किसी भी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाते हैं, स्थानीय जीवन स्तर में सुधार लाते हैं और आर्थिक गतिविधियों में नई ऊर्जा भरते हैं। बालको ने इन सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।”
उन्होंने आगे कहा कि कर्मचारियों के लिए आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की कंपनी की यह पहल उसकी सामाजिक और औद्योगिक जिम्मेदारी को दर्शाती है।
आधुनिक और ऊर्जा-कुशल भवन का निर्माण
शिलान्यास समारोह के दौरान सीईओ एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने बताया कि यह जी-9 मंजिला भवन पूरी तरह आधुनिक डिजाइन, उच्च सुरक्षा मानकों, पर्याप्त पार्किंग, और सामुदायिक सुविधाओं से लैस होगा।
उन्होंने कहा कि—
“यह परियोजना कर्मचारियों को सुरक्षित, आधुनिक और ऊर्जा-कुशल आवास उपलब्ध कराएगी। इसमें छत्तीसगढ़ सरकार के सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान है।”
उन्होंने यह भी बताया कि बालको की वन मिलियन टन विस्तार परियोजना क्षेत्रीय विकास को गति दे रही है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान कर रही है।
60 वर्षों पुराने आवासों को मिलेगी नई पहचान
कंपनी ने बताया कि बालको के मौजूदा आवासीय परिसर करीब 60 वर्ष पुराने हो चुके हैं, जिनमें दीवारों की जर्जरता, छत से रिसाव और सीमित सुविधाओं जैसी समस्याएँ बढ़ गई थीं।
नए फ्लैट कर्मचारियों को सुरक्षित, आधुनिक और सम्मानजनक रहने का माहौल प्रदान करेंगे।
अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स लिमिटेड करेगी निर्माण
इस परियोजना के निर्माण का कार्य दिल्ली की प्रतिष्ठित कंपनी अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स लिमिटेड को सौंपा गया है, जिससे गुणवत्ता और समय पर निर्माण सुनिश्चित होगा।
