कोण्डागांव, 14 सितम्बर 2025: विहंगम योग संत समाज के प्रतिष्ठित संत प्रवर सुपूज्य विज्ञान देव जी महाराज का आगमन 15 सितम्बर को कोण्डागांव में होने जा रहा है। इस पावन अवसर पर स्थानीय ऑडिटोरियम में दोपहर 3 बजे से स्वर्वेद कथा एवं दिव्य वाणी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर नगर के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक तैयारियों में जुटे हैं, जिनमें अधिकांश तैयारियाँ पूर्ण की जा चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य अतिथि का दर्जा प्राप्त कर चुके संत विज्ञान देव जी महाराज वर्तमान में कश्मीर से कन्याकुमारी तक विश्व शांति का संदेश लेकर भारत भ्रमण पर हैं। इसी क्रम में वे बस्तर संभाग के जगदलपुर, बीजापुर, गीदम, नारायणपुर, कांकेर होते हुए अब कोण्डागांव में अपने दिव्य प्रवचनों से जनमानस को लाभान्वित करेंगे। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
ज्ञात हो कि इस वर्ष विहंगम योग संत समाज अपना 102वां वार्षिकोत्सव "समर्पण दीप अध्यात्म महोत्सव" के रूप में मना रहा है। इसके अंतर्गत 25 एवं 26 नवम्बर को वाराणसी स्थित भव्य स्वर्वेद महामंदिर में 25,000 कुण्डीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश से लाखों साधक भाग लेंगे।
वर्ष 1924 में अनन्त श्री सद्गुरु सदाफलदेव जी महाराज द्वारा स्थापित ब्रह्म विद्या विहंगम योग एक सनातन वैदिक आध्यात्मिक मार्ग है, जिसे प्रत्यक्ष अनुभव का मार्ग कहा जाता है। समाज द्वारा गौवंश संवर्धन, वैदिक गुरुकुल संरक्षण एवं राष्ट्र प्रहरियों के सम्मान जैसे उद्देश्यों को लेकर देशभर में जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है। आगामी वार्षिकोत्सव में समर्पित दीपों के माध्यम से एक भव्य दीपोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।
कोण्डागांव में आयोजित 15 सितम्बर के कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है, जो संत विज्ञान देव जी महाराज के दिव्य सान्निध्य में आत्मिक अनुभूति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
