ANP News Live राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को मुड़ापार वार्ड क्रमांक-28 में विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान नवजात से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही।
1.72 लाख बच्चों तक पहुंचेगी पोलियो की खुराक
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 72 हजार 423 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 1578 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी बूथों के साथ-साथ वार्डों, पारा-मोहल्लों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रहे हैं।
'कोई भी बच्चा नहीं छूटना चाहिए'
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई है। यदि कोई बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाता है तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उसे पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
