Anp News संविधान हत्या दिवस पर भाजपा ने याद किया आपातकाल, लोकतंत्र बचाने का लिया संकल्प

Anp News Live Korba भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा आपातकाल के 51 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर "संविधान हत्या दिवस" के तहत सीएसईबी स्थित सीनियर क्लब में विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने 25 जून 1975 को लागू आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताते हुए उस दौर के संघर्षों और लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्या भारती के प्रांतीय अध्यक्ष जुड़ावन ठाकुर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी उपस्थित रहे।

नई पीढ़ी को आपातकाल का सच जानना चाहिए : जुड़ावन ठाकुर

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जुड़ावन ठाकुर ने कहा कि आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, मौलिक अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर गंभीर प्रहार हुआ था। प्रेस पर सेंसरशिप लागू कर लाखों लोगों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही देश में पुनः लोकतांत्रिक व्यवस्था स्थापित हो सकी। नई पीढ़ी को उस दौर की वास्तविकता से अवगत कराना समय की आवश्यकता है।

करीब एक लाख लोगों को भेजा गया था जेल : गोपाल मोदी

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक लागू आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे विवादास्पद काल रहा। इस दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि उस समय लगभग एक लाख लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि हजारों राजनीतिक कार्यकर्ताओं, सामाजिक नेताओं और पत्रकारों को मीसा जैसे कानूनों के तहत हिरासत में रखा गया।

उन्होंने कहा कि आपातकाल का दौर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का प्रतीक है और इससे देशवासियों को लोकतंत्र की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने की सीख मिलती है।

लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प

कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संविधान की मर्यादा, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर डॉ. राजीव सिंह, संजय शर्मा, हितानंद अग्रवाल, विकास अग्रवाल, योगेश जैन, रेणुका राठिया, नवीन अरोड़ा, कमला बरेठ, सतीश झा, नवीन मारकंडे, अर्जुन गुप्ता, योगेश मिश्रा, मनोज लहरे, मनीष मिश्रा, प्रीति स्वर्णकार, अजय चंद्रा, कुलसिंह कंवर, प्रकाश अग्रवाल, राजेश लहरे, द्वारिका शर्मा, मोंटी पटेल, अविनाश दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Related Post