Anp News Live Korba भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा जिला कोरबा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकता और जनसेवा के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।
राष्ट्रभक्ति और त्याग की प्रेरक मिसाल हैं डॉ. मुखर्जी : गोपाल मोदी
बुधवारी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संयंत्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देशवासियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार और सिद्धांत वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके जीवनकाल में थे। राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का उनका संदेश प्रत्येक नागरिक को देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।
बड़ी संख्या में शामिल हुए भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला सह कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, जिला मंत्री कमला बरेठ, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, एमआईसी सदस्य अजय चंद्रा, जिला सोशल मीडिया सह संयोजक नीरज ठाकुर, मंडल महामंत्री मिलाप बरेठ, पूनीराम साहू, कुलसिंह कंवर, प्रकाश अग्रवाल, लक्ष्मण श्रीवास, मोंटी पटेल, ज्योति वर्मा, संजीव शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।
