Anp News Live Janjgir- Champa कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में खरीफ सीजन की तैयारियों, शिक्षा व्यवस्था, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता, जल संरक्षण और सुशासन तिहार के आवेदनों के निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग को खाद, बीज और सिंचाई सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही किसानों को नैनो यूरिया और आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग के लिए जागरूक करने को कहा।
बैठक में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्कूलों, कॉलेजों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित करने तथा पौधों के संरक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पूरक परीक्षाओं की तैयारियों, शाला प्रवेश उत्सव, पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले सभी विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें और गणवेश उपलब्ध हो जाएं, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कलेक्टर ने प्रत्येक जनपद पंचायत में कम से कम एक प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जल संरक्षण कार्यों को जनभागीदारी के साथ अभियान के रूप में संचालित करने पर जोर दिया।
बैठक में अतिक्रमण मुक्त अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लाल झंडा लगाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। वहीं सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त जन शिकायतों और आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को प्रगति की अद्यतन जानकारी विभागीय वेबसाइट और निर्माण पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए, जिससे पारदर्शिता और निगरानी बनी रहे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर के तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
